हरिद्वार। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने अप्रैल 2026 में बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना में शामिल बाज इन हरिद्वार गैंग के एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 की रात को कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग के मामले में थाना रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले ही गैंग के तीन आरोपितों और दो नाबालिगों को अवैध तमंचों और चाकुओं के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
घटना के बाद से फरार चल रहे गैंग के एक अन्य सदस्य नितिश पुत्र प्रदीप (23 वर्ष), निवासी ग्राम गंगनोली, थाना लक्सर, हरिद्वार को पुलिस ने सेक्टर-1 गांधी पार्क के पास भगत सिंह चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित थाना सिडकुल का 5,000 का इनामी अपराधी भी था।
पुलिस ने आरोपित को मुकदमे में हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। साथ ही घटना में शामिल अन्य नामजद आरोपितों की तलाश भी जारी है, जिनकी जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। आरोपित के खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमें दर्ज हैं।


