विनोद धीमान
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में पुलिस ने जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर पथरी के जंगल तक ले जाने वाले तीन आरोपितों को पकड़ लिया है। इनमें दो किशोर शामिल हैं, जिन्हें नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है, जबकि एक वयस्क आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात फूलगढ़ स्थित जंगल के पास एक युवक के साथ मारपीट और नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने 18 जुलाई को उन तीन लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया, जिन्होंने कथित रूप से पीड़िता को बहला-फुसलाकर जंगल तक पहुंचाने में भूमिका निभाई थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि संरक्षण में लिए गए एक किशोर का नाबालिग पीड़िता से पिछले लगभग एक वर्ष से संपर्क था। पुलिस ने बताया कि दोनों किशोरों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है, जबकि गिरफ्तार वयस्क आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम पता तनवीर पुत्र मसकूर, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष बताया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

