फायरिंग के बाद खुद को पीड़ित बताकर पुलिस को गुमराह कर रहा था आरोपित, चार घंटे में खुला राज

कटारपुर में पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग का आरोप, तमंचा और खोखा बरामद
हरिद्वार।
पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर नामजद आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार, पांच अक्टूबर को कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते अवैध असलहे से फायरिंग की घटना सामने आई थी। मामले में थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के निर्देश दिए।


विवेचना में जुटी पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी अर्जुन पुत्र सुरेंद्र, निवासी कटारपुर को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बीते वर्ष विक्की और उसके साथियों ने उसके साथ फायरिंग की थी। इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने विक्की पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।

खुद को बचाने के लिए रची झूठी कहानी
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने के बाद आरोपित ने खुद को बचाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी कि विक्की ने दोबारा उस पर फायरिंग कर दी है। हालांकि पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपित की कहानी को झूठा पाया और पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। पथरी पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर तमंचा और खोखा कारतूस बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *