सुबह-सुबह महिला के गले पर झपटा बदमाश, चेन लेकर फरार

दो दिन में दूसरी वारदात से मचा हड़कंप, बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस


हरिद्वार।
उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की लगातार दूसरी वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार सुबह घर से काम के सिलसिले में निकली महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बना लिया। पीछे से आए बदमाशों ने मौका पाकर महिला के गले पर झपट्टा मारा और चेन लेकर साथी के साथ बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गई और उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।

बताया जा रहा है कि खड़खड़ी क्षेत्र में महज दो दिन के भीतर चेन स्नेचिंग की यह दूसरी घटना है। वहीं, कनखल क्षेत्र में भी हाल के दिनों में चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आ चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ने लगी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास छानबीन की। संभावित भागने वाले रास्तों पर चेकिंग कर बाइक सवार संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि चेन स्नेचरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदातों का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *