दावत के बहाने बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त समेत छह नामजद; पुलिस जांच में जुटी


हरिद्वार। जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। दावत के बहाने घर से बुलाए गए 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं उत्तराखंड की मंगलौर पुलिस और उत्तर प्रदेश की पुरकाजी पुलिस घटनास्थल को लेकर कई घंटों तक असमंजस में रहीं। सीमांकन के बाद घटनास्थल मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में पाए जाने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, मोहम्मदपुर जट्ट निवासी गौरव (28) को 11 जुलाई की शाम उसके दोस्त सुमित ने फोन कर दावत के लिए बुलाया। गौरव शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां सुमित के साथ डिंपल और आशीष पहले से मौजूद थे। इसके बाद चारों बूढ़पुर जट्ट स्थित एक ईंट भट्ठे के पीछे पहुंचे।


आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर पहुंचे अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न ने गौरव पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। साथ ही उत्तर प्रदेश के पुरकाजी और उत्तराखंड के मंगलौर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन सीमा क्षेत्र को लेकर विवाद की स्थिति बनी रही। अधिकारियों के निर्देश पर सीमांकन कराया गया, जिसमें घटनास्थल मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


मृतक के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है।


ग्रामीणों के अनुसार, गौरव की कुछ वर्ष पहले ही शादी हुई थी। वह एक फैक्ट्री में नौकरी करने के साथ अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था। उसके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे, एक भाई और एक बहन हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।


एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *