19 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हरिद्वार। धनौरी रोड पर नूर बीबी दरगाह के सामने मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अयान (19) पुत्र उमीद, निवासी उदपुर जनपद शामली (उत्तर प्रदेश), इन दिनों अपने ननिहाल महमूदपुर में रह रहा था। मंगलवार सुबह वह महमूदपुर से औरंगाबाद स्थित आम के बगीचे में काम करने जा रहा था। जैसे ही वह धनौरी रोड पर नूर बीबी दरगाह के सामने पहुंचा, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अयान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


