हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सर्वानंद घाट के समीप हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पीआरडी जवान घायल हो गए, जबकि कार में सवार यात्री गंगा स्नान के लिए घाट पर गए हुए थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की एक कार सर्वानंद घाट के पास हाईवे किनारे खड़ी थी। कार में सवार यात्री गंगा स्नान के लिए घाट पर चले गए थे। इसी दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान अनिल कुमार और सचिन कुमार मौके पर पहुंचे और वाहन स्वामियों की तलाश कर रहे थे, ताकि सड़क किनारे खड़ी कार को हटवाया जा सके।
इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे खड़ी कार में टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। साथ ही मौके पर मौजूद दोनों पीआरडी जवान भी डंपर की चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही खड़खड़ी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर घायल जवानों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बाद में क्षतिग्रस्त कार और डंपर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। कार की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी भीषण थी। सौभाग्यवश सभी यात्री सुरक्षित रहे, लेकिन ड्यूटी निभा रहे दो पीआरडी जवानों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि डंपर और कार की टक्कर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।


