कॉलेज जा रही विवाहिता को चार युवतियों ने घेरकर पीटा, जान से मारने की धमकी दी

धनौरी में कॉलेज के पास हुई मारपीट, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पीड़िता ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार


हरिद्वार। धनौरी में कॉलेज जा रही एक विवाहिता के साथ चार युवतियों ने कथित तौर पर जमकर मारपीट की। आरोप है कि युवतियों ने बीच सड़क पर विवाहिता को घेरकर पीटा और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपित युवतियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी हिमांशी गिरी पत्नी चंद्रमोहन धनौरी स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई करती हैं। बताया गया कि वह कॉलेज की पढ़ाई से संबंधित फाइल तैयार कराने के लिए जरूरी दस्तावेजों की फोटोस्टेट कराने बाजार गई थीं। इसी दौरान पहले से मौजूद चार युवतियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इनमें दो युवतियां दौलतपुर, एक जसवावाला और एक धनौरी गांव की रहने वाली हैं। चारों ने कॉलेज के पास विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुए हमले से विवाहिता घबरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे युवतियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि जाते समय युवतियां उसे जान से मारने की धमकी देकर गईं।


पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपित युवतियों से अपनी जान का खतरा जताया है। उसने पुलिस से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि वह कॉलेज में अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन इस घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।


वहीं, सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *