हाईटेंशन लाइन गिरने से ट्रक में लगी भीषण आग, फायर यूनिट की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हरिद्वार। रुड़की के गंग नहर कोतवाली क्षेत्र स्थित राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक में हाईटेंशन बिजली की लाइन गिरने से भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से ट्रक का डीजल टैंक फटने से बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


जानकारी के अनुसार फायर स्टेशन रुड़की को सूचना प्राप्त हुई कि राजमहल होटल के निकट खड़े एक ट्रक में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि ट्रक के ऊपर हाईटेंशन विद्युत लाइन गिरने के कारण उसमें भयंकर आग धधक रही थी।


फायर कर्मियों ने तत्काल होज पाइप बिछाकर आग बुझाने की तैयारी शुरू की, लेकिन देखा कि विद्युत आपूर्ति अभी भी चालू है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम को सूचना दी गई तथा चेतक मोबाइल को बिजलीघर भेजा गया। विद्युत विभाग द्वारा लाइन की सप्लाई बंद किए जाने के बाद फायर यूनिट ने सुरक्षित तरीके से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।


कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर सर्विस की तत्परता और सूझबूझ के चलते ट्रक के डीजल टैंक को फटने से बचा लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग बुझाने के अभियान में डीवीआर विपिन सिंह, एलएफएम विपिन सैनी, फायरमैन हरीशचंद्र, सुनील सिंह एवं अभिषेक कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *