मामूली विवाद का खूनी अंत, घर में घुसते ही युवक को मारी गोली

23 वर्षीय आदित्य राणा की मौत, तीन नामजद, आरोपियों की तलाश में दबिश


हरिद्वार। मामूली विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद गुरुवार देर रात भगवानपुर में खूनी वारदात में बदल गया। प्रताप कॉलोनी में 23 वर्षीय आदित्य उर्फ आदि राणा को कथित तौर पर बातचीत कर मामला सुलझाने के बहाने घर बुलाया गया। आरोप है कि वहां विवाद के दौरान उस पर गोली चला दी गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए आदित्य को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


पहले कहासुनी, फिर मारपीट
पुलिस के अनुसार, आदित्य राणा का लकी उर्फ रोहित और उसके पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात दोनों पक्ष भगवानपुर में शराब के ठेके के पास आमने-सामने आ गए। यहां कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान आदित्य पक्ष के एक युवक के साथ मारपीट की गई। विवाद की जानकारी मिलने पर परिजनों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद आदित्य को बातचीत के लिए घर बुलाए जाने की बात सामने आई है।


घर पहुंचते ही बिगड़ी बात
आरोप है कि घर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। इसी दौरान फायरिंग की गई और गोली आदित्य को लग गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ आया एक अन्य युवक भी मौके से भाग निकला। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन आदित्य को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने लकी उर्फ रोहित, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


भगवानपुर सीओ सुमित पांडे के मुताबिक, देर रात दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली लगने से आदित्य राणा की मौत हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों से जुटाए जा रहे सुराग
पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह, फायरिंग की परिस्थितियों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद प्रताप कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *