अंकित चौहान हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने दिया ₹5,100 का इनाम, बोले—पुलिस ने किया सराहनीय काम


विनोद धीमान
लक्सर। अंकित चौहान हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने वाली लक्सर पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता बुधवार को लक्सर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम को अपनी ओर से ₹5,100 की नकद राशि देकर सम्मानित किया और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

दरअसल, रायसी चौकी क्षेत्र के गांव शिवपुरी उर्फ सोपरी निवासी अंकित चौहान की दो अगस्त को रंजिश के चलते हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा की नीलधारा में फेंक दिया था। शव गंगा में मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों के साथ ही ग्रामीणों में भी आक्रोश था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सर पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गंगा नदी से अंकित चौहान का शव भी बरामद कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हत्याकांड के खुलासे के बाद पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर पुलिस टीम का मनोबल बढ़ाया और ₹5,100 का नकद इनाम दिया। संजय गुप्ता ने कहा कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने की अपील की थी। पुलिस ने गंभीरता से काम करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।

पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा, “अंकित चौहान हत्याकांड बेहद गंभीर और दुखद घटना थी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश था और परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद थी। पुलिस ने जिस तत्परता और गंभीरता से मामले की जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, वह सराहनीय है। पुलिस टीम ने अच्छा काम किया है। मेरा उद्देश्य टीम का उत्साह बढ़ाना है, ताकि पुलिस इसी तरह पूरी ईमानदारी और तत्परता के साथ जनता को न्याय दिलाने का काम करती रहे।”

उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय होना जरूरी है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने पुलिस से आगे भी अपराधों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की अपेक्षा जताई।

हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई से मृतक के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी और शव बरामद किए जाने के बाद मामले की जांच आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *