भव्य तिरंगा यात्रा से गूंजा बहादराबाद, राष्ट्रभक्ति के नारों से माहौल हुआ देशभक्तिमय

रानीपुर विधानसभा के बहादराबाद मंडल में भाजपा की तिरंगा यात्रा; विधायक आदेश चौहान और राज्यमंत्री नितिन गौतम ने देश की एकता-अखंडता का दिया संदेश


हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से रानीपुर विधानसभा के बहादराबाद मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पृथ्वीराज चौहान चौक से शुरू हुई यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।


तिरंगा यात्रा बहादराबाद की विभिन्न कॉलोनियों और गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा में लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना देखने को मिली।


इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव, स्वाभिमान और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है। प्रत्येक भारतीय के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना सदैव बनी रहनी चाहिए।


विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकास और जनकल्याण के कार्य आगे बढ़ रहे हैं। तिरंगा यात्रा इसी राष्ट्रीय चेतना, एकता और गौरव का प्रतीक है।


दायित्वधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने के साथ राष्ट्रहित, जनसेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर आगे बढ़ना होगा।


तिरंगा यात्रा में जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, विशाल गर्ग, चित्रा शर्मा, चेतन चौहान, नीरज चौहान, नीति शर्मा, मनोज परालिया, प्रमोद पाल, आदित्य चौहान, सुमन स्वामी, मनोज पाल, राजीव चौहान, विनय चौहान, शोभित चौहान, चमन चौहान, विशाल चौहान सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *