बीएचईएल के जंगल में घायल मिली थी नाबालिग
पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर आरोपी को दबोचा
नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर जान से मारने की नीयत से मारपीट कर बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त को सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के पास जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। सूचना पर पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस ने बालिका के परिजनों की जानकारी जुटाकर उन्हें घटना से अवगत कराया।
पुलिस के अनुसार, बालिका ने अपने परिजनों और पुलिस को बताया कि 3 अगस्त को शेखर नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और मारपीट कर जान से मारने की नीयत से बीएचईएल के जंगल में छोड़ दिया।
मामले में पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर रानीपुर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने पुराना पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित का नाम पता शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल, निवासी ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार उम्र करीब 21 वर्ष है। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।


