रेलिंग पार कर गहरे पानी में पहुंचे थे तीनों कांवड़िये, तेज बहाव में पंकज और आनंद कश्यप का नहीं मिला सुराग
हरिद्वार। कांवड़ मेला चरम पर है और धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी से लेकर तमाम गंगा घाटों तक शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच शनिवार को नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तीन कांवड़िये गंगा के गहरे पानी में चले गए, जिनमें से दो तेज बहाव में डूबकर लापता हो गए, जबकि एक कांवड़िए को जल पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। जल पुलिस के साथ एसडीआरएफ और पीएसी आपदा राहत दल की टीमें मौके पर पहुंचीं और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक दोनों लापता कांवड़ियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
रेलिंग पार करते ही गहरे पानी में पहुंचे
जानकारी के मुताबिक, तीनों कांवड़िये नमामि गंगे घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे घाट की रेलिंग पार कर गंगा के गहरे हिस्से में पहुंच गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण 20 वर्षीय पंकज पुत्र शुक्रपाल सिंह निवासी मेठरा, मुरादाबाद और 22 वर्षीय आनंद कश्यप पुत्र नरेंद्र कश्यप निवासी पोड़री, बुलंदशहर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
तीसरे कांवड़िए गौतम पुत्र मुंशीलाल निवासी दिल्ली को घाट पर तैनात जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए डूबने से बचा लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गंगा में उतरीं रेस्क्यू टीमें, देर शाम तक तलाश जारी
पंकज और आनंद के लापता होने के बाद जल पुलिस के जवानों ने तत्काल गंगा में सर्च अभियान शुरू किया। इसके बाद एसडीआरएफ और पीएसी आपदा राहत दल को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। गोताखोरों और बोट की मदद से गंगा के गहरे पानी और तेज बहाव वाले हिस्सों में दोनों की तलाश की जा रही है। हालांकि, देर शाम तक दोनों कांवड़ियों का कोई पता नहीं चल सका था।
सीओ सिटी नेगी ने दी घटना की जानकारी
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि नमामि गंगे घाट पर तीन कांवड़िये गंगा में स्नान कर रहे थे। इनमें से एक कांवड़िए को जल पुलिस के जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो कांवड़िये गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की अपील—रेलिंग पार न करें, निर्धारित स्थान पर ही करें स्नान
कांवड़ मेले के दौरान गंगा घाटों पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और जल पुलिस लगातार श्रद्धालुओं को सतर्क कर रही है। श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और गंगा की रेलिंग पार कर गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की जा रही है।
प्रशासन की बार-बार चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में जाने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से अपील है कि उत्साह में सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें और जल पुलिस की ओर से दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।


