खाले से युवक का शव मिलने से सनसनी, एक साथी हिरासत में, दूसरा फरार

विनोद धीमान
हरिद्वार।
जनपद के लक्सर क्षेत्र के खानपुर थाना अंतर्गत न्यामतपुर गांव में एक 22 वर्षीय युवक का शव पानी से भरे खाले में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के साथ गए दो साथियों में से एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरा युवक फरार बताया जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यामतपुर निवासी उदित (22 वर्ष), पुत्र रणवीर सिंह बुधवार को गांव के ही दो युवकों के साथ पास में बह रहे खाले की ओर गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच गांव के कुछ बच्चों ने सूचना दी कि उदित का शव खाले के पानी में पड़ा हुआ है।


सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने पहले आसपास के खेतों और अन्य स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद उदित का शव पानी से भरे खाले से बरामद हुआ। ग्रामीण तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।


गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी सूरत शर्मा ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि युवक के साथ गए दो युवकों में से एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरा युवक फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


घटना के बाद न्यामतपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *