खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: 2 क्विंटल एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त, कारोबारी का लाइसेंस रद्द

विनोद धीमान

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने लक्सर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 क्विंटल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिए। मामले में संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है और उसके खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की गई है।


खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने लक्सर तिराहा, बसेड़ी स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। यहां से नूडल्स, सॉस, खाद्य तेल, स्नैक्स, पानी की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, बेसन, चायपत्ती और सोयाबड़ी समेत बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद हुई। सभी सामान को नगर पालिका परिषद लक्सर के सहयोग से डंपिंग ग्राउंड, सिमली में गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया।


वहीं रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर के बीच सचल खाद्य विश्लेषणशाला द्वारा 74 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें 9 नमूने अधोमानक पाए गए। इन्हें भी संबंधित कारोबारियों द्वारा मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही 3 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी कर खाद्य लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट लिस्ट प्रदर्शित करने सहित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।


सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि कांवड़ मेला समाप्त होने तक विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और एक्सपायरी या अधोमानक खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *