विधायक जी का गालीबाज पुत्र, हंगामे का आरोप, नगर पंचायत अधिकारी ने पुलिस को दी तहरीर

हरिद्वार। जिले की रामपुर नगर पंचायत में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद के बेटे सलमान पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


अधिशासी अधिकारी के अनुसार, 3 अगस्त को सलमान नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और किसी कार्य को तत्काल कराने की मांग को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और कार्यालय का कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।


नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि इस समय एसआईआर प्रक्रिया के चलते कार्यालय में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में हुई घटना से कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया। घटना कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा किया गया है, जबकि एक मोबाइल वीडियो भी सामने आया है।


रोहित पंवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *