पिता पर 10 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर अपनी ही 10 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला की तहरीर के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे वह अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ एक चारपाई पर सो रही थी, जबकि उसकी 10 वर्षीय बेटी पास की दूसरी चारपाई पर सोई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटी के पास जाकर लेट गया।

महिला ने बताया कि कुछ देर बाद बेटी घबराकर चिल्लाने लगी। पहले उसे लगा कि बच्ची ने कोई बुरा सपना देखा होगा। उसने बच्ची को शांत कर दोबारा सुला दिया और कमरे की लाइट बंद कर दी। लेकिन थोड़ी देर बाद बच्ची फिर असहज होने लगी। इस पर उसे संदेह हुआ और उसने तुरंत कमरे की लाइट जला दी।

महिला का आरोप है कि लाइट जलाते ही उसने अपने पति को बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करते हुए देखा। उसने तुरंत बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और घटना की जानकारी किसी को देने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद महिला अपनी बेटी को लेकर पुलिस के पास पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा बच्ची और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

मामले की जांच कर रहीं एएसआई विनीता नेगी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *