हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के फरार इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पथरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत छह महीने से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी गैंगस्टर रोमी चौहान उर्फ ‘सेठजी’ को सुभाषगढ़ तिराहे से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को थाना पथरी में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करता था। इस मामले में गिरोह के पांच सदस्यों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट भी खोली गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी रोमी चौहान लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने ₹5 हजार का इनाम घोषित किया था।
थानाध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी रोमी चौहान उर्फ सेठजी रुड़की के सोनालीपुरम का निवासी है। उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस अब तक 10 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पथरी में फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का एक और मामला
इधर, पथरी थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। हरियाणा के मेवात निवासी अली मोहम्मद ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन को फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बेचने की साजिश रची गई।
पीड़ित के अनुसार, उनका परिवार वर्ष 1984 में ग्राम ऐथल छोड़कर हरियाणा में बस गया था। 30 मार्च 2026 को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी जमीन का सौदा किया जा रहा है। लक्सर तहसील में जानकारी लेने पर उन्हें 17 मार्च 2026 का एक पंजीकृत इकरारनामा मिला, जिसमें किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम का फर्जी आधार कार्ड लगाकर दस्तावेज तैयार कराया था।
अली मोहम्मद का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया तो आरोपियों ने उनका पीछा कर गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फर्जीवाड़े में शामिल कुछ लोग पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


