हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा आमजन उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में जनहित, पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, सशक्त भू-कानून, राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन तथा जी-20 शिखर सम्मेलन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उपलब्धियों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम सरकार की जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति वार्षिक आय बढ़कर 2.76 लाख रुपये से अधिक हो गई है। हरिद्वार जनपद में सड़क, पेयजल, सीवरेज, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, आदेश सैनी तथा संजय अरोड़ा ने भी धामी सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़ा के तहत जनपद में 30 जुलाई तक जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी विकासखंड मुख्यालयों पर विभिन्न विभागों के सहयोग से शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने आमजन से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत 40 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। सम्मानित लाभार्थियों में मत्स्य विभाग के दो, पशुपालन विभाग के छह, कृषि विभाग के पांच तथा उद्यान विभाग के छह प्रगतिशील किसान शामिल रहे। इस प्रकार कार्यक्रम में कुल 59 लाभार्थियों को सम्मानित एवं लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं सूचना स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और आवेदन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़े के माध्यम से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेश चौधरी एवं विनोद प्रसाद मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरी गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, संयोजक विकास तिवारी, महामंत्री हीरा सिंह, लव शर्मा, आशु चौधरी, मनोज गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


