अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने शव रखकर लगाया जाम

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिमला रोड के बुड्ढी गांव में रविवार देर रात एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अधिवक्ता सोहेल के रूप में हुई है। घटना के समय सोहेल अपने घर में मौजूद थे, जबकि उनका भाई दूसरे कमरे में भोजन कर रहा था। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर वह बाहर पहुंचा तो सोहेल खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े मिले। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। काफी देर तक चली वार्ता और समझाइश के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों को मामले की त्वरित जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।


एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने अधिवक्ता सोहेल को गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।


उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, सड़क जाम और प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी कर रही है।


फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस बीच अधिवक्ता की हत्या से स्थानीय लोगों में भय और रोष का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *