खेत में प्रेमी-प्रेमिका को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा, प्रेमी फरार, महिला से मारपीट

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र की भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के खानपुर ब्रह्मपुर गांव के पास एक खेत में कथित तौर पर मिल रहे प्रेमी-प्रेमिका को परिजनों ने पकड़ लिया। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि प्रेमी की पत्नी और अन्य परिजनों ने महिला के साथ मारपीट की, जबकि प्रेमी वहां से फरार हो गया। घटना के दौरान काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहित व्यक्ति का पास के ही एक गांव की महिला के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। परिजनों को इसकी जानकारी होने के बाद कई बार दोनों का विरोध किया गया, लेकिन दोनों के मिलने-जुलने का सिलसिला जारी रहा।

बताया जाता है कि रविवार को व्यक्ति अपनी कथित प्रेमिका के साथ निकला था। इसकी भनक लगने पर उसकी पत्नी और अन्य परिजन दोनों का पीछा करते हुए खानपुर ब्रह्मपुर गांव के समीप एक खेत तक पहुंच गए। यहां दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख परिजन भड़क उठे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर कहासुनी और गाली-गलौज के बीच स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान प्रेमी मौके से भाग निकला, जबकि महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में भीड़ जुटने और सामाजिक दबाव बढ़ने पर परिजन वहां से लौट गए।

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा रही कि दोनों कथित तौर पर नशे की हालत में थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *