हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर फंसी एक महिला को हरिद्वार पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली। महिला को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात श्री कृष्णा आश्रम, संन्यास रोड से सूचना मिली कि आश्रम के पीछे गंगा नदी के पार स्थित एक टापू पर एक महिला फंसी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
गंगा नदी में जलस्तर और बहाव अधिक होने के कारण महिला तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में जल पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। जल पुलिस के जवानों ने नाव के माध्यम से नदी पार कर टापू तक पहुंचकर महिला का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मैमवती (55 वर्ष) पत्नी लखन, निवासी गैहरब, जिला पलवल (हरियाणा) बताया। महिला ने अपने पुत्रों के नाम सुरेंद्र और मुकेश बताए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहकर टापू तक पहुंच गई थी और वहीं फंस गई थी।
रेस्क्यू के बाद महिला की स्वास्थ्य जांच कर उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें घटना की सूचना देने के प्रयास कर रही है।
हरिद्वार पुलिस और जल पुलिस की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और जल पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है।


