हरिद्वार। हरिद्वार में शनिवार को सर्वानंद घाट के ठीक सामने एक बस में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश सिंह मेहरा ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभागों को सक्रिय किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कुछ ही समय में आग को पूरी तरह बुझा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। आग लगने के बाद चालक और परिचालक की सतर्कता से बस में सवार सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। प्रशासन के अनुसार घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर किए गए प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।


