सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे फेरूपुर चौकी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विनोद धीमान
हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के धनपुरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार 8 से 10 युवकों ने गैराज संचालक हैदर पुत्र अकरम शाह पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में हैदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को आता देख अधिकांश आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही फेरूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी ले आई। लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण फेरूपुर चौकी पहुंच गए और पुलिस की मौजूदगी में आरोपी तक पहुंचने की कोशिश करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
हालात बिगड़ते देख चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हो सका।
घायल युवक के भाइयों इसरार, इस्लाम, इरशाद और शादाब उर्फ पप्पू ने बताया कि हैदर धनपुरा में गैराज चलाता है, जहां वह गाड़ियों की डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है। शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक सवार कई युवक अचानक गैराज पर पहुंचे और हैदर पर चाकू व अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने हैदर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
ग्रामीण घायल हैदर को तुरंत पुलिस चौकी लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल के लिए भेज दिया।
पुलिस हिरासत में लिए गए युवक का नाम मौसम बताया जा रहा है, जो पथरी क्षेत्र के ऐथल गांव का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस को मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।


