अकेली मिली तो मार देंगे, प्रेम विवाह करने वाली डॉक्टर को धमकी, एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

विनोद धीमान
हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार के थाना पथरी क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाली एक महिला डॉक्टर ने अपने ससुराल पक्ष से जान का खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता ने लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसके खिलाफ हो गए हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।


पीड़िता नाजमीन, जो कि बी.एम.एस. डॉक्टर हैं, ने बताया कि उन्होंने 18 जनवरी 2026 को अपनी मर्जी से राशिद पुत्र नूरहसन निवासी पदार्था उर्फ धनपुरा, थाना पथरी से निकाह किया था। निकाह की जानकारी मिलते ही राशिद के परिजन इस रिश्ते के विरोध में उतर आए और उसे धमकाने लगे।


महिला का आरोप है कि राशिद का भाई सईद हसन उर्फ कल्लू समेत अन्य रिश्तेदार मुशारिक, अजीम, मुशाहिद और आरिफ उसे लगातार धमकी दे रहे हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि अगर वह कहीं अकेली मिल गई तो उसे जान से मार देंगे, साथ ही अपने रसूख और पुलिस में पकड़ का हवाला देकर उसे डराने की कोशिश की जा रही है।

पीड़िता ने बताया कि वह बेहद डरी हुई है और अपनी जान बचाने के लिए छिपने को मजबूर है। उसने एसएसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पीड़िता डॉक्टर की तहरीर के आधार पर एसपी ने थाना पथरी पुलिस को पीड़िता के ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं।


थाना अध्यक्ष पथरी, रविंद्र कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *