मंदिर में घुसकर पुजारी की हत्या, इलाके में सनसनी और आक्रोश

विनोद धीमान

हरिद्वार। जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भोगपुर गांव में शनिवार देर रात एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई। मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे अज्ञात बदमाशों ने वहां रह रहे पुजारी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरकाजी क्षेत्र के गोदना गांव निवासी राजवीर उम्र करीब 65 वर्ष पिछले करीब दो महीनों से भोगपुर गांव स्थित मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना का कार्य कर रहे थे। शनिवार देर रात कुछ अज्ञात चोर मंदिर में चोरी के इरादे से दाखिल हुए। इसी दौरान पुजारी के जाग जाने पर बदमाशों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास के दौरान हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


इधर, इस घटना के बाद गांव में गहरा शोक और गुस्सा व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *