दो स्कूल बसों पर भी कार्रवाई, एक की फिटनेस सस्पेंड करने की संस्तुति
विनोद धीमान
हरिद्वार। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए फेरूपुर, लक्सर एवं खानपुर क्षेत्र में विशेष चैकिंग अभियान चलाया। पवर्तन दल रुड़की द्वारा चलाए गए इस अभियान में मुख्य रूप से ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 25 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि 10 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में 9 डंपर शामिल हैं, जिनमें से 8 डंपर खनन सामग्री ले जा रहे थे। परिवहन विभाग की टीम ने इस दौरान दो स्कूल बसों का भी चालान किया। इनमें से एक बस की मैकेनिकल स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर उसकी फिटनेस सस्पेंड करने की संस्तुति की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त बिना परमिट, टैक्स बकाया, प्रदूषण प्रमाण पत्र के अभाव तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस जैसे मामलों में भी कार्रवाई की गई। सभी सीज वाहन खानपुर थाना, लक्सर कोतवाली समेत संबंधित थानों में खड़े कराए गए हैं।
एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलड़िया ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर ओवरलोडिंग एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि सड़कों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। विशेष रूप से स्कूल वाहनों की नियमित जांच की जा रही है ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
परिवहन विभाग ने आमजन और वाहन स्वामियों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें। ओवरलोडिंग से बचें, सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन करें। विभाग का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


