गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने की मांग को लेकर दिया ज्ञापन
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधिमण्डल पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता लक्सर संजय गुप्ता से उनके आवास पर मिला और गन्ना मूल्य बढ़ाने जाने के संबंध में चर्चा की।
किसानों के प्रतिनिधिमण्डल ने संजय गुप्ता को मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित ज्ञापन देते हुए कहाकि यूपी व हरियाणा सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य घोषित करते हुए उसके दामों को बढ़ाया है, किन्तु उत्तराखण्ड में अभी गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। उन्होंने संजय गुप्ता से ेकिसानों के गन्ने की फसल के दाम 425 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग की। उन्होंने कहाकि किसान सदैव भाजपा के साथ खड़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेंतृत्व में भाजपा विकास के कार्य लगातार कर रही है। देश व प्रदेश विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। सरकार किसानों के लिए बेहतर कार्य कर रही है, किन्तु किसानों को गन्ने की फसल में उसकी लागत का सही मूल्य नहीं मिल रहा है।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहाकि केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर संजीदा है। भाजपा किसानों की आय को दो गुना करने की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार द्वारा दी जाने वाली किसान निधि ने किसानों को संबंल प्रदान किया है। कहाकि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री के समक्ष किसानों की मांगों को रखेंगे। कहाकि प्रदेश सरकार शीघ्र ही किसानों के हित में निर्णय लेगी।
प्रतिनिधिमण्डल में देवेन्द्र चौधरी, जसवीर चौधरी, सभाष चौधरी, संजय चौधरी, राहुल चौधरी, मोनू प्रधान, सचिन चौधरी, सुबोध चौधरी, सोनू मुखिया समेत दर्जनों लोग शामिल थे।


