ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी के प्रेमी की हत्या के आरोप में दंपती गिरफ्तार

दूधियाबंद के जंगल में मिला था अज्ञात शव, पुलिस की मेहनत से हुई मृतक की शिनाख्त
हरिद्वार। नगर कोतवाली स्थित दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात पुरुष के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक आरोपी महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद पति ने पत्नी और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।


17 सितंबर की सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में टीम भेजकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास बिजनौर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की। मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को गिरफ्तार किया।

इलाज के दौरान हुई थी महिला से जान-पहचान
पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी नरेंद्र का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान मृतक गोपाल की आरोपित महिला से जान-पहचान हुई। पुलिस का कहना है कि बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए। गोपाल कथित तौर पर महिला से अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था।


पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन के दौरान महिला बिजनौर में गोपाल से मिलने पहुंची थी। इस दौरान उसके पति को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई। आरोप है कि गोपाल ने महिला के पति के साथ मारपीट भी की। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। जांच के मुताबिक, गोपाल द्वारा महिला को लगातार फोन कर साथ चलने का दबाव बनाने तथा वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई। परेशान होकर महिला ने पूरी जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

गंगा घाट पर बुलाकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात के समय वह उसे गंगा घाट पर लेकर गई। पुलिस का आरोप है कि गोपाल के शराब पीकर खाना खाने के बाद सो जाने पर पहले से घात लगाए आरोपी पति और अन्य लोगों ने चापड़ व छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और वहां से चले गए। मामले में पुलिस ने नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा, कोतवाली बिजनौर, जनपद बिजनौर, उम्र करीब 40 वर्ष व नरेंद्र की पत्नी, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद किया है। मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *