हरिद्वार। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के जरिए नाबालिग से संपर्क कर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पिरान कलियर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गढ़ीपुख्ता निवासी दानिश पुत्र शबी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को नाबालिग के परिजन ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर दी थी। आरोप था कि दानिश ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर नाबालिग से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई।
प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश की। पुलिस के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।


