चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी हादसे की वजह, युवक का हाथ कटा

विनोद धीमान

हरिद्वार। लक्सर रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। संतुलन बिगड़ने से युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां हाथ शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान दीपक यादव (पुत्र सुखरी दास) निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक देहरादून से सूबेदारगंज एक्सप्रेस के जरिए लक्सर पहुंचा था और आगे सीतामढ़ी जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था।


इसी दौरान अंत्योदय एक्सप्रेस लक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही युवक उसमें सवार होने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन तभी ट्रेन चल पड़ी। जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।


नीचे गिरते ही युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां हाथ पूरी तरह कटकर अलग हो गया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए और तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।


मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही एसआई कृष्ण शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
108 एंबुलेंस की सहायता से पहले उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि युवक ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *