शिवालिक स्कूल के पास बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
हरिद्वार। सिविल लाइन कोतवाली रुड़की क्षेत्र के ढंढेरा में देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शिवालिक स्कूल के नजदीक बदमाशों ने दो युवकों पर कथित तौर पर गोली चला दी। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक युवक की पहचान अमन पुत्र सुभाष, निवासी हरिजन बस्ती ढंढेरा के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार अमन ढंढेरा स्थित एक शराब की कैंटीन में काम करता था। देर रात वह अपने साथी प्रशांत के साथ था, इसी दौरान बदमाशों ने दोनों को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
गोली लगने के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां अमन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रशांत की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के पीछे आपसी रंजिश, विवाद या अन्य कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।


