हरिद्वार। जनपद के रुड़की में पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि चारों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त की देर रात चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत होने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास कर रही है।


