हरिद्वार। लक्सर के खानपुर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि घर दो अज्ञात मेहमान आए थे, जो आज सुबह गायब मिले हैं। पत्नी भी उन्हीं के साथ रफूचक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, करनपुर गांव के सागर पुत्र पन्नू 24 वर्ष का शव घर में फंदे पर लटका मिला। परिजनों और पड़ोसियों का आरोप है कि मेहमानों व सागर की पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की है। जिसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे पर लटकाकर भाग गए हैं। बताया जा रहा है कि सागर की एक साल पहले लव मैरिज हुई थी। घटना के बाद सागर की पत्नी फरार है।
मामले का पता तब चला, जब बुधवार की सुबह पॉपुलर के पेड़ काटने का काम करने वाले ठेकेदार सागर को बुलाने आए। उन्होंने घर के बाहर से लगी कुंडी को खोला अंदर का नजारा देखकर घबरा गए। अंदर सागर का शव फंदे से लटका मिला। जिसके बाद ठेकेदार ने आनन-फानन में घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।


