भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ उत्तराखंड पहुंचे हैं। विराट कोहली अपने परिवार के साथ ऋषिकेश के दयानंद आश्रम में रुके हैं। इस दौरान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संतों से आशीर्वाद भी लिया। संतो को भोजन कराने के पश्चात उन्होंने मां गंगा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
बता दें विराट कोहली ने अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ ऋषिकेश के शीशम झाड़ी स्थित दयानंद आश्रम में आज सुबह 7 बजे से 9 बजे तक योग साधना की। उसके बाद 12 बजे धार्मिक अनुष्ठान करने के साथ-साथ भंडारे का आयोजन किया। इसमें संतों ने भोजन ग्रहण किया। विराट और अनुष्का ने एक-एक कर भंडारे में आए सभी संतों का आशीर्वाद लिया। वहीं, विराट कोहली की एक झलक पाने को लेकर बड़ी संख्या में उनके चाहने वाले टकटकी लगाए बैठे रहे। बता दें कि दयानंद सरस्वती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आध्यात्मिक गुरु रहे हैं। 11 सितंबर, 2015 को प्रधानमंत्री अपने आध्यात्मिक गुरु दयानंद सरस्वती से मुलाकात करने पहुंचे थे। उसके बाद ये आश्रम और अधिक विख्यात हो गया।