दो दिन से लापता युवती पर बवाल: ग्रामीणों ने किया चौकी का घेराव, एसओजी भी तलाश में जुटी

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर के खानपुर कोतवाली क्षेत्र के गोवर्धनपुर चौकी इलाके से दो दिन से लापता युवती की बरामदगी न होने पर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन गोवर्धनपुर चौकी पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए चौकी का घेराव किया।


परिजनों का आरोप है कि समय पर तहरीर देने के बावजूद पुलिस अब तक युवती का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द युवती को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।

सीओ ने बताया क्या हुई कार्रवाई?
लक्सर पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जांच के दौरान युवती की लोकेशन उत्तर प्रदेश के एक गांव में मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को वहां भेजा गया, लेकिन युवती वहां नहीं मिली।

उन्होंने बताया कि अब एसओजी की मदद से युवती की नई लोकेशन ट्रेस की जा रही है। विशेष टीम को तलाश के लिए रवाना कर दिया गया है और सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि युवती की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *