नवरात्र और त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मैगी-कुट्टू के आटे समेत पांच नमूने जांच को भेजे
हरिद्वार। नवरात्र और आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को भूपतवाला और भीमगोड़ा क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मैगी, चाउमीन नूडल्स, कुट्टू का आटा, अचार और खाद्य तेल सहित पांच विधिक नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं, चाउमीन नूडल्स और डबल कंप्यूटर ब्रांड खाद्य तेल के मिथ्या छाप पाए जाने का मामला सामने आने पर संबंधित निर्माता फर्मों को नोटिस जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र के भूपतवाला और भीमगोड़ा में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
भूपतवाला में चाउमीन नूडल्स पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान भूपतवाला स्थित जय गंगा ट्रेडर्स से चाउमीन नूडल्स का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार, उत्पाद मिथ्या छाप पाया गया। इसकी निर्माता फर्म मैसर्स राजू फूड्स, मोहल्ला पांवधोई, ज्वालापुर, हरिद्वार बताई गई है। विभाग ने संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया है।
इसी तरह भीमगोड़ा स्थित एक प्रतिष्ठान से डबल कंप्यूटर ब्रांड एडिबल वेजिटेबल ऑयल का नमूना लिया गया। विभाग ने इसे भी मिथ्या छाप पाया। खाद्य तेल का निर्माण और पैकेजिंग करने वाली श्री नैना इंडस्ट्रीज, औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस भेजा गया है।
होटल संचालकों को स्वच्छता के निर्देश
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 52 के तहत मिथ्या छाप खाद्य सामग्री के मामले में अधिकतम तीन लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा विभाग ने भूपतवाला के होटलों का निरीक्षण कर संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, यात्रियों को ताजा भोजन परोसने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नवरात्र और त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।

