हत्या की फिराक में घूम रहे पिल्ला गैंग के दो शातिर गिरफ्तार

हरिद्वार। पुलिस के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कनखल पुलिस ने पिल्ला गैंग से जुड़े दो आरोपियों को तमंचे और नुकीले सुए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी व्यक्ति की हत्या की फिराक में घूम रहे थे।


पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग इंस्टाग्राम पर वर्चस्व और कमेंटबाजी को लेकर मारपीट की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी वारदातों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते थे ताकि इलाके में दहशत फैलाई जा सके।
थाना कनखल क्षेत्र में लगातार मिल रही गैंग गतिविधियों और मारपीट की शिकायतों के बाद प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में सादे कपड़ों में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस द्वारा जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया गया।


मामला 10 अप्रैल को दर्ज मुकदमे से जुड़ा है, जिसमें कुलदीप के पुत्र के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में कुल 11 आरोपी सामने आए थे। इससे पहले दो नाबालिग समेत दो आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के नाम पते अरुण उर्फ बोडा पुत्र राजकुमार, निवासी शिवपुरी गली नंबर 5, कनखल व रवि सिंह उर्फ सरदार पुत्र गोपाल सिंह, निवासी सतीघाट, कनखल बताए गए हैं।


पुलिस के अनुसार रवि उर्फ सरदार थाना कनखल क्षेत्र की कई घटनाओं में शामिल रहा है और वह पहले पुलिस अभिरक्षा से भी फरार हो चुका है। कनखल पुलिस ने बताया कि इंस्टाग्राम पर अपलोड मारपीट की वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *