सनातन संस्कृति के प्रसार और गंगा स्वच्छता के संकल्प के साथ निकलेगी दंडवत यात्रा: करौली शंकर महाराज

दक्षेश्वर महादेव मंदिर से हरकी पैड़ी तक 30 अक्टूबर को निकलेगी यात्रा, कुंभ-2027 की भव्यता और राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए करेंगे प्रार्थना
31 अक्टूबर को हरकी पैड़ी पर गंगा सेवा अभियान, आयोजकों का 10 हजार श्रद्धालुओं की भागीदारी का दावा


हरिद्वार। सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, गंगा स्वच्छता और राष्ट्र की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ शुक्रवार को तीर्थनगरी हरिद्वार में भव्य दंडवत यात्रा निकाली जाएगी। श्री मिश्री मठ के परमाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक करौली शंकर महाराज के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल और अन्य देशों से भी श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा में हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे।


करौली शंकर महाराज ने बताया कि 30 अक्टूबर को कनखल स्थित श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद सुबह आठ बजे दंडवत यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन, कनखल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधक शामिल होंगे। यात्रा हरकी पैड़ी तक पहुंचेगी।


उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य आगामी कुंभ-2027 को दिव्य एवं भव्य बनाने की कामना के साथ सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार, धर्म जागरण और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने का संदेश देना है। इसके साथ ही मानव समाज को रोग, शोक, भय, भ्रम और नशे से मुक्त बनाने के संकल्प तथा मां गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने के प्रति जनजागरूकता पर जोर दिया जाएगा।


गंगा सेवा अभियान में 10 हजार श्रद्धालुओं की भागीदारी का लक्ष्य
आयोजकों के मुताबिक, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे हरकी पैड़ी पर गंगा सेवा अभियान चलाया जाएगा। इसमें करीब 10 हजार श्रद्धालुओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से गंगा की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।


संस्था के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है। कनखल स्थित नया अखाड़ा उदासीन और अन्य आश्रमों में उनके आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन की व्यवस्थाओं में संस्था के करीब एक हजार स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *