अर्धकुंभ: भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही प्राथमिकता: मेलाधिकारी सोनिका

भारी बारिश के बीच मेला क्षेत्र का निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला, चंडी चौक और ललतारौ पुल क्षेत्र की व्यवस्थाएं परखीं, मौके पर तय किए सुधार के कदम


हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को भारी बारिश के बीच मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती समेत संबंधित अधिकारियों के साथ पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला, चंडी चौक और ललतारौ पुल क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संतों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में गंगा स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।


अधिकारियों ने सबसे पहले कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के निकट पंतद्वीप की नोज वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां मार्गों, प्लेटफॉर्म और श्रद्धालुओं की आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा गया। मेलाधिकारी ने अनुपयोगी और क्षतिग्रस्त पोल हटाने, खंभों व पेड़ों से लटक रहे तारों, रस्सियों और अनावश्यक सामग्री को हटाने के निर्देश दिए। घाटों एवं प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।


इसके बाद रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग की प्रगति की समीक्षा की गई। चंडी पुल पर निर्माणाधीन डबल लेन अंडरपास का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चंडी चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुधार कार्यों की भी समीक्षा की। मेलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुधार के साथ पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।


बारिश के बीच जारी निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी सोनिका लैपटॉप पर भी विभिन्न कार्ययोजनाओं और तैयारियों की समीक्षा करती रहीं। मौके पर समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए जरूरी कदम तय किए गए। मेला प्रशासन निर्माण कार्यों के साथ ही उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की भी लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि कुंभ के दौरान भीड़ का दबाव व्यवस्थित ढंग से संभाला जा सके।


महिला नेतृत्व की भी दिखी मिसाल
करवा चौथ के अवसर पर महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अवकाश की घोषणा के बीच भारी बारिश में मेलाधिकारी सोनिका का निरीक्षण करना उनकी कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा गया। कुंभ जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहीं सोनिका का सक्रिय नेतृत्व महिला सशक्तिकरण की चर्चा को भी केंद्र में लाया। हालांकि, कुंभ की तैयारियों की सफलता निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और विभिन्न विभागों के समन्वय पर भी निर्भर करेगी।


निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *