हरिद्वार। जनपद में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2016 में हुए चर्चित “लंढौरा बवाल” मामले में पिछले करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे दो वारंटियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने लगातार दबिश और सुरागरसी करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी वर्ष 2016 में हुए लंढौरा बवाल मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनके खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार वारंटियों की पहचान जाहिद पुत्र कल्लू प्रधान निवासी ग्राम कासमपुर थाना पथरी जनपद हरिद्वार तथा कुर्बान पुत्र महबूब निवासी ग्राम बुढाहेड़ी थाना पथरी जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, कांस्टेबल सिकन्दर तथा कांस्टेबल विक्रान्त शामिल रहे।


