हरिद्वार। 12 साल से दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही महिला को आखिरकार उसके पति ने एक बार फिर दहेज के लालच में महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं आरोपित पति ने अपनी पत्नी को तीन तलाक भी दे दिया। पीड़ित महिला ने पति समेत अन्य आरोपितों पर दहेज के नाम पर उसके साथ मारपीट करने व पति द्वारा तीन तलाक देकर घर से बाहर निकलने के संबंध में तहरीर दी है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव माखियली का है। जहां गांव निवासी एक महिला इशरत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 10 अप्रैल वर्ष 2012 को थाना बहादराबाद क्षेत्र के हलवाहेड़ी गांव निवासी सलमान के साथ हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने अपनी हैसियत से अधिक दहेज दिया था। लेकिन उसके ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे तथा शादी के बाद से ही दहेज में कार की मांग करते चले आ रहे थे।
आरोप है कि शादी के समय भी उनके द्वारा कार की मांग की गई थी। लेकिन बारात में आए लोगों द्वारा समझा बुझाकर उस समय मामला शांत कर दिया गया था। मांग पूरी न होने पर शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार तरह-तरह से प्रताड़ित करते चले आ रहे थे। लोक लाज के चलते वह सब कुछ बर्दाश्त करती चली आ रही थी।
14 मई को उसके पति सलमान, सास रहमानी, ससुर मुर्तजा, देवर साहिब व युसूफ द्वारा उसके साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर दिया। सुबह किसी तरह वह कमरे से बाहर निकाली तथा अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उनके साथ भी बदसलुकी की गई। उसके पति सलमान ने तीन बार तलाक-तलाक बोलकर उसे तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने विवाहिता के पति समेत आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि महिला ने अपने पति व सास, ससुर के विरुद्ध दहेज के लिए मारपीट करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


