हरिद्वार में लक्ज़री बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 15 चालान, 2 बसें सीज़

हरिद्वार। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने लक्ज़री बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए, जबकि 2 बसों को सीज़ कर दिया गया। इसके अलावा तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर 4 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन तथा परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान लक्ज़री बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, टैक्स अदायगी, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में कई बसों में नियमों का उल्लंघन और दस्तावेजों में अनियमितताएं सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।


परिवहन विभाग ने विशेष रूप से काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई, जहां यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी लक्ज़री बस अवैध रूप से रुककर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने या यातायात बाधित करने का कार्य न करे। अभियान के दौरान किसी भी बस को वहां रुकने की अनुमति नहीं दी गई और सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही कराया गया।


आज के विशेष अभियान में परिवहन विभाग ने कुल 60 वाहनों के चालान किए, जिनमें 15 लक्ज़री बसें शामिल रहीं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही वाहन संचालन करें, ताकि सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *