बिना लाइसेंस और निर्माण-एक्सपायरी तिथि के बेच रहे थे आटा
हरिद्वार। नवरात्र के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सिडकुल क्षेत्र में छापेमारी कर खुले में कुट्टू का आटा बेचने के मामले में दो कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, जबकि कुल 13 किलो आटा मौके पर नष्ट करा दिया। विभाग अब दोनों कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी कर रहा है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने टीम के साथ सिडकुल के महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट क्षेत्र में छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर में कुट्टू का खुला आटा बिक्री के लिए रखा मिला। आटे के बैग पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। टीम ने यहां से आटे का नमूना लिया और शेष पांच किलो आटा नष्ट करा दिया।
इसी दौरान टीम ने महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा से प्लास्टिक बैग में 10 किलो खुला कुट्टू का आटा सप्लाई करते हुए हर्षित अवस्थी को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि आटा शिवम विहार कॉलोनी स्थित महादेव ट्रेडर्स से लाया गया था। इसके बाद टीम उसे साथ लेकर प्रतिष्ठान पर पहुंची और जांच की। यहां से भी कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया तथा शेष आठ किलो आटा गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने और निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना कुट्टू का आटा बेचने के मामले में शैलेष प्रोविजन स्टोर के मालिक शैलेष कुमार और महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर कराया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

