हरिद्वार। जनपद के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जोनल चेकिंग के दौरान यूपी बॉर्डर से बंजारावाला की ओर गश्त कर रही टीम को दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून 2026 को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में बताई गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।


