प्रणव सिंह ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया था मार्ग का उद्घाटन, एचआरडीए ने बोर्ड किया जब्त, प्रस्ताव के दावे पर उठे सवाल
विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर के खानपुर विधानसभा क्षेत्र में एक मार्ग के उद्घाटन को लेकर शुरू हुई सियासत अब विभागीय कार्रवाई तक पहुंच गई है। पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने जिस मार्ग का ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उद्घाटन कर अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से मार्ग की पैचिंग का प्रस्ताव स्वीकृत होने का दावा किया था, उस उद्घाटन का बोर्ड ही महज 24 घंटे के भीतर उखाड़ दिया गया। रुड़की-हरिद्वार विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की टीम बोर्ड को अपने साथ ले जाकर विभाग में जमा करा गई। मामला सामने आने के बाद खानपुर की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। बताया जा रहा है कि खानपुर विधायक उमेश कुमार ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में विभागीय अनुमति और उद्घाटन को लेकर एचआरडीए के अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद विभाग ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए मौके पर लगा बोर्ड हटवा दिया।
दावे पर विभाग की कार्रवाई ने खड़े किए सवाल
पूर्व विधायक प्रणव सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर मार्ग की पैचिंग के प्रस्ताव को लेकर दावा किया गया था। उद्घाटन कार्यक्रम भी पूरे तामझाम के साथ आयोजित किया गया। लेकिन इसके अगले ही दिन एचआरडीए द्वारा उद्घाटन स्थल से बोर्ड उखाड़कर जब्त किए जाने से इस दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय कार्रवाई के बाद अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर जिस काम का उद्घाटन इतने जोर-शोर से किया गया, उसके बोर्ड को विभाग ने हटाने की कार्रवाई क्यों की? क्या उद्घाटन से पहले विभागीय अनुमति ली गई थी? और यदि प्रस्ताव विभाग के स्तर पर था तो बोर्ड हटाने की नौबत क्यों आई?
एक उद्घाटन और आमने-सामने दो खेमे
मार्ग का उद्घाटन अब विकास कार्य से ज्यादा राजनीतिक टकराव का मुद्दा बनता नजर आ रहा है। एक तरफ पूर्व विधायक प्रणव सिंह के उद्घाटन को लेकर चर्चा है तो दूसरी तरफ मौजूदा विधायक उमेश कुमार द्वारा अधिकारियों से जवाब-तलब किए जाने की बात सामने आ रही है। महज 24 घंटे के भीतर बोर्ड उखाड़े जाने की कार्रवाई ने पूरे मामले को और गरमा दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग मार्ग के प्रस्ताव, स्वीकृति और उद्घाटन को लेकर आधिकारिक तौर पर क्या स्थिति स्पष्ट करता है।


