हरिद्वार। कलियर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बुधवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हालात इतने बिगड़े कि जमकर पथराव हुआ, जिससे पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गांव में एक परिवार के समारोह के दौरान देर रात तक डीजे बज रहा था और युवक डांस कर रहे थे। इसी बीच गांव के ही एक व्यक्ति ने देर रात शोर-शराबे की शिकायत पुलिस से कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डीजे बंद करा दिया, लेकिन यहीं से विवाद की चिंगारी भड़क उठी।
सुबह फिर भड़का विवाद
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। गुरुवार सुबह पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। बताया जा रहा है कि वार्ता चल ही रही थी कि गांव में दोबारा झगड़ा शुरू हो गया।
पथराव से बिगड़े हालात
सूचना मिलते ही पुलिस और दोनों पक्षों के लोग गांव पहुंचे, जहां स्थिति अचानक हिंसक हो गई और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के अनुसार पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।


