विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के फतवा गांव में उस वक्त खेत जंग का मैदान बन गया, जब भूसा भर रहे एक परिवार पर दबंगों ने अचानक धावा बोल दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए परिवार के सदस्यों को लहूलुहान कर दिया। हमले में माता-पिता और 17 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़ित बोबी पुत्र बलकार सिंह निवासी तिलकपुरी के बताया कि, 22 अप्रैल की देर शाम वह अपने पिता बलकार सिंह, माता कुसुम देवी और भाई अजय के साथ खेत में गेहूं का भूसा भर रहा था। तभी गांव बाडीटीप व भोगपुर के कई युवक एक राय होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने सीधे जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे पूरा परिवार खून से लथपथ हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।घायलों को पहले सीएचसी लक्सर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
पहले भी दे चुके थे धमकी
पीड़ित का आरोप है कि एक दिन पहले यानी 21 अप्रैल को भी आरोपी उनके घर पहुंचकर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देकर गए थे। उसी रंजिश में इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।
भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस टीमें दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।


