बुजुर्गो की सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने दिए निर्देश:सीसीटीवी कैमरों से निगरानी व इमरजेंसी बटन की भी सुविधा

देहरादून। सीनियर सिटीजन की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे उपायों व प्रयासों की अब प्रदेश पुलिस मुख्यालय पर हर माह समीक्षा की जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे बुजुर्गो के घरों के आस-पास सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए जो अकेले रहते है।

पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड अशोक कुमार के निर्देशन में मंगलवार को प्रदेश पुलिस मुख्यालय पर पहली समीक्षा बैठक की गई। बैठक में प्रदेश में अकेले रह रहे सीनियर सिटीजन की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कई बिंदुओ पर अधीनस्थों को निर्देशित किया गया। बैठक में डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि सीनियर सिटीजन के घरों पर जाकर उनकी कुशलता पूछे व माह में 02 बार फोन पर उनसे सम्पर्क कर उनकी समस्या जानें। इसके अलावा उन्होंने सीनियर सिटीजन को उत्तराखण्ड पुलिस एप एवं इमरजेंसी बटन (एस.ओ.एस) की जानकारी दिये जाने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में डीजीपी द्वारा अधिकारियो/कर्मचारियों को निम्न बिंदुओ पर निर्देशित किया गया :-

• सीनियर सिटीजन की सुरक्षा को थाना स्तर पर महिला हेल्प डेस्क प्रभारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। जनपद स्तर पर पुलिस उपाधीक्षक (महिला सेल) को सीनियर सिटीजन सेल का नोडल अधिकारी नामित किया गया ।
• अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आस-पड़ोस के सामजिक कार्यकर्ताओं को सीनियर सिटीजन की मदद के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा, साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर सीनियर सिटीजन की सहायता किये जाने के निर्देश दिए गये।
• घरों पर अकेले रहने वाले सीनियर सिटीजन की सुरक्षा हेतु स्थानीय पुलिस को मोहल्ला समिति एवं सी०एस०आर की मदद से सीसीटीवी कैमेरे स्थापित करने हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए ।
• समस्त जिला प्रभारियों को वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हीकरण करते हुए नई अद्यतन सूची बनाने के निर्देश दिए गये।
• विस्तृत फॉर्मेट बनाकर उसके आधार पर सम्पत्ति या अन्य किसी विवाद होने पर सम्बन्धित सीनियर सिटीजन की कॉउंसलिग कर सहायता की जायेगी ।
• अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा हेतु पुलिस मुख्यालय स्तर पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, उत्तराखण्ड द्वारा प्रत्येक माह समीक्षा की जाएगी ।
• सीनियर सिटीजन के सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर सम्बन्धित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही अमल मे लायी जाएगी

बैठक के दौरान एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ० वी० मुरूगेशन, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर पी.रेणुका देवी व महिला सुरक्षा हेल्पलाईन सेल के अधिकारी/ कर्मचारीगण मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *